Guwa: कक्षा आठवीं की प्री-बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए गुवा सेल प्रबंधन और टाटा स्टील नोवामुंडी ने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत विशेष परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराई। इस पहल से तीन विद्यालयों के 226 छात्र-छात्राओं को सुरक्षित रूप से चाईबासा स्थित परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, गुवा सेल प्रबंधन ने दो बसें, जबकि टाटा स्टील नोवामुंडी ने एक बस और एक विंगर उपलब्ध कराया। इन वाहनों से मिडिल स्कूल गुवा, राजकीय मध्य विद्यालय गुवासाई और उत्क्रमित मध्य विद्यालय नुईया के छात्र-छात्राएं मंगलवार सुबह करीब छह बजे चाईबासा के लिए रवाना हुए।
तीनों विद्यालयों का प्री-बोर्ड परीक्षा केंद्र चाईबासा निर्धारित होने के कारण विद्यार्थियों के आवागमन को लेकर कठिनाइयों की आशंका थी। इसे देखते हुए पूर्व सांसद गीता कोड़ा, नोवामुंडी भाग-1 की जिला परिषद सदस्य सुश्री देवकी कुमारी तथा झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे के प्रयासों से सेल गुवा और टाटा स्टील प्रबंधन ने परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई।
इस पहल को सफल बनाने में पश्चिमी पंचायत की मुखिया पद्मिनी लागुरी, पूर्वी पंचायत की मुखिया चांदमनी लागुरी, बाल अधिकार मंच की पदमा केसरी तथा एस्पायर संस्था के कृष्णा गोप का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
विद्यार्थियों को रवाना करने के दौरान जिला परिषद सदस्य सुश्री देवकी कुमारी, जेएसएलपीएस की जेंडर सीआरपी गीता देवी और ममता देवी, तीनों विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
अभिभावकों और शिक्षकों ने गुवा सेल प्रबंधन, टाटा स्टील नोवामुंडी तथा इस पहल में सहयोग करने वाले जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना था कि समय पर परिवहन सुविधा उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को बिना किसी परेशानी के सुरक्षित ढंग से परीक्षा केंद्र पहुंचने में मदद मिली, जिससे वे आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में शामिल हो सके।

















