Guwa: नानक नगर बाजार एवं बस स्टैंड के समीप सेल के आवासीय परिसर में बुधवार शाम शॉर्ट सर्किट से दो श्रमिकों के घरों में भीषण आग लग गई। हादसे में दीपक लोहार और कालेश्वर हाजरा के घरों में रखा घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया। दोनों परिवारों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
घटना शाम करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण तत्काल काबू नहीं पाया जा सका। सूचना के बाद टाटा स्टील और नोवामुंडी प्रबंधन से अग्निशमन वाहन मंगाया गया। घर में मौजूद लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
चार खदानें, फिर भी गुवा में अग्निशमन वाहन नहीं
घटना को लेकर मजदूर नेता रामा पांडे ने सेल प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सेल की मेघाहातुबुरु, किरीबुरू, गुवा और चिड़िया में चार बड़ी खदानें संचालित हैं, इसके बावजूद गुवा जैसे औद्योगिक क्षेत्र में अपना पर्याप्त अग्निशमन वाहन नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि यदि मौके पर सेल का अग्निशमन वाहन उपलब्ध रहता तो आग पर समय रहते काबू पाया जा सकता था और नुकसान कम होता। रामा पांडे ने गुवा में अत्याधुनिक अग्निशमन वाहन उपलब्ध कराने के साथ आवासीय क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है।
















