राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने प्रतिभा सम्मान समारोह में की शिरकत, मेधावी छात्रों को किया सम्मानित

Share करें

✓ Link copy हो गया!


शिक्षा केवल उन्नति नहीं, समाज के प्रति जिम्मेदारी का माध्यम — राज्यपाल गंगवार

बहरागोड़ा : बहरागोड़ा स्थित आशीर्वाद संस्था द्वारा आयोजित ‘प्रतिभा सम्मान समारोह 2025’ में मंगलवार को झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद विद्युत वरण महतो की उपस्थिति रही। इस मौके पर दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।



समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल गंगवार ने कहा कि “प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा की गुणवत्ता ही उच्च शिक्षा की नींव होती है।” उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम केवल पुरस्कार वितरण नहीं, बल्कि परिश्रम, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे मूल्यों का उत्सव है। राज्यपाल ने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे शिक्षा को केवल व्यक्तिगत उन्नति का माध्यम न मानें, बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में अपनी भूमिका को समझें। उन्होंने युवाओं को विज्ञान, तकनीक और नवाचार के माध्यम से स्थानीय सामाजिक-आर्थिक समस्याओं के समाधान में भागीदारी निभाने की प्रेरणा दी।



अपने उद्बोधन में राज्यपाल ने बहरागोड़ा क्षेत्र की बहुभाषी और सांस्कृतिक विविधता की सराहना की और इसे झारखंड की गौरवशाली पहचान बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक सोच और ऊर्जा का संचार भी करते हैं।



कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने सादगी से छात्रों संग भोजन कर संवाद किया, जिससे उपस्थित छात्र-छात्राएं अभिभूत हो उठे। विद्यार्थियों ने उन्हें ‘पीपुल्स गवर्नर’ की उपाधि देते हुए उनके आत्मीय व्यवहार की प्रशंसा की। 

वहीं सांसद विद्युत वरण महतो ने अपने संबोधन में बहरागोड़ा को शैक्षणिक केंद्र के रूप में विकसित करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने क्षेत्र में विश्वविद्यालय की स्थापना एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर बल दिया।



कार्यक्रम के संयोजक डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने राज्यपाल की उपस्थिति को विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया और उच्च शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की। समारोह में सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, अभिभावक, समाजसेवी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें