Adityapur : कुचाई प्रखंड मुख्यालय में शनिवार को मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत 12 लाभुकों के बीच बकरियों का वितरण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वैष्णवी एंटरप्राइज, रांची द्वारा किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में लाभुकों को पशुधन सौंपा गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक लाभुक को आठ बकरी और दो बकरा प्रदान किए गए। वितरण कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि धमेंद्र सिंह मुंडा, प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी, अंचल अधिकारी सुषमा सोरेन, पशुपालन पदाधिकारी डॉ. शंकर सिंह तथा मुखिया करम सिंह मुंडा ने संयुक्त रूप से लाभुकों को बकरी सौंपकर योजना की शुरुआत की।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि धमेंद्र सिंह मुंडा ने कहा कि मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना ग्रामीण उत्थान की दिशा में एक मजबूत पहल है। उन्होंने कहा कि यह योजना विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र की माताओं-बहनों को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक सिद्ध हो रही है और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है।
प्रखंड प्रमुख गुड्डी देवी ने कहा कि राज्य सरकार गरीब और आदिवासी परिवारों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीबों को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। बकरी पालन योजना भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
अंचल अधिकारी सुषमा सोरेन ने कहा कि सरकार किसानों और ग्रामीण परिवारों को आगे बढ़ाने के लिए कई योजनाएं चला रही है, ताकि वे आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें।
इस मौके पर भाजपा प्रखंड अध्यक्ष दास सोय, धमेंद्र सांडिल, ग्रीस सोय, लखीराम मुंडा सहित अन्य गणमान्य लोग एवं सभी लाभुक उपस्थित थे।









