चांडिल में ‘आबार आसो मां’ के उद्घोष के साथ मां बासंती को नम आंखों से विदाई

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : श्री श्री 108 खेलाई चंडी मां बासंती पूजा समिति की ओर से विजयादशमी के दिन मां बासंती की स्थापित प्रतिमा को श्रद्धा और भक्ति के साथ विदाई दी गई। “आबार आसो मां” के भावुक उद्घोष के बीच महिलाओं ने नम आंखों से माता को विदा किया।

शाम करीब छह बजे कॉलेज स्थित मंदिर परिसर से गाजे-बाजे के साथ भव्य विसर्जन जुलूस निकाला गया। सैकड़ों महिला-पुरुष “जय माता दी” के जयकारे लगाते हुए जुलूस में शामिल हुए। भक्ति संगीत की धुन पर महिलाएं झूमती-नाचती चल रही थीं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

विसर्जन जुलूस चांडिल बाजार होते हुए तांती बांध पहुंचा, जहां विधि-विधान के साथ मां बासंती की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। विसर्जन के बाद भक्तों के बीच प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई।

इससे पूर्व मंदिर परिसर में महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर मां से सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की। पूरे आयोजन में श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक सहभागिता की सुंदर झलक देखने को मिली।

इस अवसर पर बासंती पूजा समिति के राजू दा, रिंकू दा, तपन कुमार, योगेश जायसवाल, रबी दास समेत अन्य सदस्य सक्रिय रूप से मौजूद रहे और आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.