रामनवमी विसर्जन जुलूस में शामिल हुए पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता व मानगो मेयर सुधा गुप्ता, अखाड़ों में बजाया डंका

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : रामनवमी के विसर्जन के अवसर पर जमशेदपुर के विभिन्न अखाड़ा समितियों द्वारा निकाले गए जुलूस में झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता और मानगो मेयर सुधा गुप्ता शामिल हुए। विभिन्न स्थानों पर अखाड़ा समितियों की ओर से दोनों जनप्रतिनिधियों का पारंपरिक रूप से पगड़ी पहनाकर, अंगवस्त्र ओढ़ाकर तथा तलवार भेंट कर सम्मान किया गया।

अखाड़ों में डंका और नगाड़ों की गूंज के बीच पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता स्वयं को रोक नहीं पाए और डंका बजाकर उत्सव का आनंद लिया। उन्होंने लाठी भांजते हुए अखाड़े के पारंपरिक शौर्य प्रदर्शन में भी भागीदारी की, जिससे उपस्थित रामभक्तों में उत्साह का संचार हुआ।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने प्रदेशवासियों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम और बजरंग बली सभी भक्तों के जीवन में सुख, समृद्धि और सौभाग्य प्रदान करें। उन्होंने कहा कि भगवान राम का आदर्श जीवन समाज को मर्यादा, त्याग और सेवा का संदेश देता है।

विसर्जन जुलूस के दिन रामभक्तों की सेवा के लिए मानगो चौक पर मानगो कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष ईश्वर सिंह के नेतृत्व में सेवा शिविर लगाया गया। इसके अलावा बाबा बर्फानी सेवा समिति, गोस्वामी समाज कल्याण समिति, जमशेदपुर टेलर्स ट्रक ओनर्स एसोसिएशन, विश्वकर्मा कल्याण समिति, कुशवाहा संघ मानगो, रौनियार वैश्य समाज (युवा विंग), तैलिक एकता मंच, सामर्थ्य सेवा संस्थान तथा कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग (शहरी) के जिला अध्यक्ष सोहेल खान के कार्यालय में भी सेवा शिविर संचालित किए गए।

पूर्व मंत्री ने श्री श्री महावीर अखाड़ा समिति (नीलकंठ महादेव मंदिर रोड नंबर-4, जवाहर नगर, मानगो), श्रमिक अखाड़ा पारडीह, त्रिवेदी अखाड़ा, रोड नंबर-4 अखाड़ा और दाइगुटू अखाड़ा सहित कई स्थानों पर पहुंचकर रामभक्तों का उत्साहवर्धन किया। कदमा रंकणी मंदिर के समीप बन्ना गुप्ता फैंस क्लब द्वारा लगाए गए सहायता शिविर में भी उन्होंने पहुंचकर श्रद्धालुओं की सेवा की और उनके साथ भोग ग्रहण कर रामनवमी की बधाई दी।

इस दौरान सहायता शिविर आयोजक समिति के सदस्यों ने पूर्व मंत्री और मानगो मेयर का पारंपरिक तरीके से सम्मान किया। पूरे कार्यक्रम में भक्ति, सेवा और सामाजिक सहभागिता का अनूठा संगम देखने को मिला।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.