Ghatshila : घाटशिला थाना पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1 किलो 81 ग्राम गांजा और 11.73 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया है। इसके अलावा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, हुंडई आई-10 कार और विभिन्न कंपनियों के सात मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, घाटशिला थाना क्षेत्र के राजस्टेट स्थित पुराने अनुमंडल कार्यालय यानी राजबाड़ी के खंडहर भवन में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर घाटशिला थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार मुंडा के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।
टीम ने राजबाड़ी के खंडहर भवन में छापेमारी कर मौके से तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से गांजा और ब्राउन शुगर बरामद हुआ।
तीन आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश सिंह, निवासी राजस्टेट घाटशिला, तुषार सीट, निवासी धोबीपाड़ा तथा लखन चंद्र सोरेन उर्फ लक्की उर्फ मामा, निवासी पाथरगोड़ा, थाना मुसाबनी के रूप में हुई है।
पुलिस ने नशीले पदार्थों के अलावा आरोपियों के पास से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, हुंडई आई-10 कार और सात मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस को आशंका है कि इन वाहनों और मोबाइल फोन का इस्तेमाल नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री एवं आपूर्ति के लिए किया जाता था।
नशे के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
मामले में घाटशिला थाना में एनडीपीएस एक्ट एवं बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नशीले पदार्थों के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच एवं कानूनी कार्रवाई जारी है।

















