Adityapur : गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की ओर से राजकीयकृत उड़िया मध्य विद्यालय, आदित्यपुर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश महासचिव श्रीमती रजनी बंसल ने की। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि एवं नमन करने के साथ हुई।
इस अवसर पर विद्यालय के करीब 300 बच्चों के बीच पठन-पाठन सामग्री वितरित की गई। बच्चों में महात्मा गांधी के जीवन, उनके विचारों और स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से क्विज प्रतियोगिता, भाषण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
क्विज प्रतियोगिता में बच्चों से गांधी जी के जन्मस्थान एवं जन्मतिथि, उनके प्रसिद्ध नारों तथा जीवन से जुड़े विभिन्न प्रेरणादायक प्रश्न पूछे गए। सही उत्तर देने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कक्षा-4 के विद्यार्थियों ने भी विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नेहा कुमारी और लवली कुमारी ने ग्रुप एक्शन सॉन्ग “नकल मत करना…” प्रस्तुत किया। गीता कुमारी ने “दे दी हमें आजादी…” गीत प्रस्तुत किया। मो. शाहिद और आमिर इमानुएल सुरेन ने महात्मा गांधी पर भाषण दिया। वहीं अर्चना, रीमा मुर्मू, डुबी मुर्मू और सरस्वती ने ग्रुप डांस प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
प्रदेश महासचिव रजनी बंसल ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार आज भी देश और समाज को राह दिखाते हैं। उन्होंने बच्चों से सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
वहीं जिला महासचिव राकेश साहू ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से बच्चों में देशभक्ति के साथ-साथ संस्कारों का भी विकास होता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी शिक्षा को समाज और देश के विकास का सबसे बड़ा हथियार मानती है।
कार्यक्रम में मानवाधिकार जिला अध्यक्ष गुरु चरण मोहंती, समाजसेवी पूजा अग्रवाल और टी. पी. पांडे समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

















