Gamharia:गम्हरिया प्रखंड स्थित नए अनाज गोदाम में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोपों की जांच के लिए गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने औचक निरीक्षण किया। दोपहर करीब एक बजे पहुंचे एसडीओ को गोदाम में प्रभारी एजीएम सुनील कुमार चौधरी मौके पर अनुपस्थित मिले, जबकि वहां केवल ऑपरेटर और कुछ बाहरी मजदूर मौजूद थे, जो अधिकारियों के पहुंचते ही वहां से हट गए।
निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने मौके पर बैठकर प्रभारी सुनील कुमार चौधरी को दूरभाष पर बुलाया। काफी देर बाद उनके पहुंचने पर जब गोदाम में उपलब्ध अनाज के स्टॉक की जानकारी मांगी गई, तो वे स्पष्ट जवाब नहीं दे सके और स्टॉक की गणना करने में असमर्थता जताई।
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब एसडीओ ने स्टॉक पंजी की मांग की। इस पर प्रभारी ने बताया कि पंजी उपलब्ध नहीं है। करीब एक घंटे के इंतजार के बाद स्टॉक रजिस्टर एक मजदूर के माध्यम से लाया गया, जिसे कथित तौर पर मिठाई की थैली में रखा गया था। इस घटनाक्रम ने गोदाम में व्यवस्था और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
एसडीओ अभिनव प्रकाश ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि जांच जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि अनियमितता या भ्रष्टाचार की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
गम्हरिया अनाज गोदाम में सामने आई इस स्थिति के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है और अब जांच के निष्कर्षों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।









