गम्हरिया में बच्चों के नाम पर सरकारी योजना दिलाने के नाम पर साइबर ठगी की कोशिश, सीडीपीओ ने किया अलर्ट

Share करें

✓ Link copy हो गया!



गम्हरिया, सरायकेला। गम्हरिया प्रखंड में बच्चों के नाम पर सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक ठग व्यक्ति मोबाइल नंबर 7294928279 से कॉल कर खुद को गम्हरिया का सीडीपीओ (बाल विकास परियोजना पदाधिकारी) बताकर आम लोगों और आंगनबाड़ी सेविकाओं को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।

इस संदर्भ में जब गम्हरिया की वास्तविक सीडीपीओ दुर्गेश नंदिनी से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं उस नंबर पर कॉल कर पड़ताल की, लेकिन जैसे ही उन्होंने कॉलर से यह पूछा कि गम्हरिया किस जिले में आता है, ठग ने तुरंत कॉल काट दिया। इससे स्पष्ट हो गया कि यह एक ठगी का प्रयास है।

सीडीपीओ ने बताया कि इस प्रकार के दो-चार मामले और भी सामने आ चुके हैं, जिनमें ठगों ने आंगनबाड़ी सेविकाओं और बच्चों के अभिभावकों को निशाना बनाने की कोशिश की है। उन्होंने संबंधित सेविकाओं को एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं ताकि कानूनी कार्रवाई की जा सके।

सीडीपीओ दुर्गेश नंदिनी ने आम जनता से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि यदि कोई योजना आती है तो उसकी जानकारी सीधे आंगनबाड़ी सेविकाओं के माध्यम से दी जाएगी। अनजान नंबरों से आने वाले कॉल, खासकर जब योजना या पैसे से संबंधित बातें हों, तो उन पर बिल्कुल भी विश्वास न करें। ऐसे मामलों में तुरंत स्थानीय थाना या साइबर सेल को सूचित करें।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें