Chandil : पद्म भूषण से सम्मानित एवं झारखंड आंदोलन के प्रख्यात नेता स्वर्गीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर मंगलवार को सरायकेला स्थित बिरसा मुंडा स्टेडियम परिसर में उनकी प्रस्तावित प्रतिमा स्थापना के लिए विधिवत भूमि पूजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित धार्मिक अनुष्ठान का संचालन पंडित घासीराम सतपति ने किया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गुरुजी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए झारखंड आंदोलन, जल-जंगल-जमीन की रक्षा तथा आदिवासी, मूलवासी और वंचित समाज के अधिकारों के लिए उनके योगदान को स्मरण किया।
वक्ताओं ने कहा कि बिरसा मुंडा स्टेडियम परिसर में स्थापित होने वाली गुरुजी की प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्ष, विचारों और जनसेवा के प्रति समर्पण से प्रेरणा देगी। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन का जीवन सामाजिक न्याय, जनाधिकार और झारखंड की अस्मिता के लिए निरंतर संघर्ष का प्रतीक रहा है।
कार्यक्रम में विधायक सविता महतो, झामुमो के केंद्रीय सदस्य गणेश महाली, गणेश चौधरी, के.पी. सोरेन, दानी हेंब्रम, जिला अध्यक्ष शिवेंदू महतो सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के बताए मार्ग पर चलने और उनके अधूरे सपनों को साकार करने का संकल्प लिया।
















