Jadugoda : मुसाबनी प्रखंड के रुआम स्थित एक्सेल इंडिया कंपनी के ठेका मजदूरों की चार सूत्री मांगों को लेकर शुरू हुई हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। करीब 60 मजदूरों के मुख्य गेट पर धरने पर बैठने से कंपनी का उत्पादन पूरी तरह ठप रहा। आंदोलनरत मजदूरों को भाजपा नेता सह मुर्गाघुटू मौजा के माझी बाबा लिटा मुर्मू का समर्थन मिला।
ठेका मजदूर राम माझी ने बताया कि 10 अगस्त को जमशेदपुर डीएलसी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कंपनी प्रबंधन ने एक वर्ष का प्रशिक्षण पूरा कर चुके सात ठेका मजदूरों के स्थायीकरण, स्वस्थ मजदूरों को काम पर वापस लेने, मेडिकल सुविधा और वेतन बढ़ाने पर सहमति जताई थी। मजदूरों का आरोप है कि अब प्रबंधन अपने आश्वासन से पीछे हट रहा है।
स्थायीकरण की मांग करने वाले मजदूरों में देवाशीष महतो, बुधान माझी, संजय सोरेन, लक्ष्मण मानकी, विप्लव गिरी, रौशन मुर्मू समेत एक अन्य मजदूर शामिल हैं। इसके अलावा दो स्वस्थ ठेका कर्मियों को दोबारा काम पर रखने की मांग भी की जा रही है।
माझी बाबा लिटा मुर्मू ने प्रबंधन से हड़ताली मजदूरों के साथ वार्ता कर उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए विवाद का जल्द समाधान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाधान नहीं होने पर आंदोलन जारी रहेगा।
वहीं कंपनी के कार्मिक अधिकारी बिपिन कुमार ने मजदूरों से हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने की अपील की। उन्होंने कहा कि आंदोलन लंबा खिंचने पर कंपनी उत्पादन को दूसरे राज्यों में स्थानांतरित करने पर विचार कर सकती है। अब प्रबंधन और मजदूरों के बीच विवाद का समाधान कब तक निकलता है, इस पर सभी की नजर है।

















