Jamshedpur:राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरपालिका निर्वाचन–2026 की औपचारिक घोषणा कर दी है। इसके साथ ही पूर्वी सिंहभूम जिले में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। जिले के मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद और चाकूलिया नगर पंचायत क्षेत्रों में चुनाव कराए जाएंगे। इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने मीडिया को विस्तृत जानकारी दी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि मानगो नगर निगम क्षेत्र में कुल 36 वार्ड हैं, जहां 190 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां कुल 1,96,791 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
जुगसलाई नगर परिषद में कुल 22 वार्ड, 41 मतदान केंद्र और 44,239 मतदाता हैं।
वहीं चाकूलिया नगर पंचायत क्षेत्र में 12 वार्ड, 18 मतदान केंद्र तथा 12,587 मतदाता मतदान में हिस्सा लेंगे।
सीट आरक्षण की स्थिति
सीट आरक्षण की जानकारी देते हुए जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि—
मानगो नगर निगम की महापौर सीट अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित की गई है।
जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष सीट भी अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित रहेगी।
चाकूलिया नगर पंचायत अध्यक्ष सीट अनुसूचित जनजाति महिला के लिए आरक्षित की गई है।
चुनाव कार्यक्रम
नगरपालिका चुनाव का कार्यक्रम इस प्रकार निर्धारित किया गया है—
नामांकन दाखिल: 29 जनवरी से 4 फरवरी
स्क्रूटनी (जांच): 5 फरवरी
नाम वापसी: 6 फरवरी
चुनाव चिन्ह आवंटन: 7 फरवरी
मतदान: 23 फरवरी (सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक)
मतगणना: 27 फरवरी (सुबह 8 बजे से)
प्रशासनिक तैयारियां
जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। इस पूरी प्रक्रिया में 1,000 से अधिक कर्मियों की तैनाती की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं तक हर स्तर पर निगरानी रखी जाएगी।
उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की।









