Adityapur : : सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने झारखंड सरकार के ऊर्जा विभाग के निदेशक को पत्र भेजकर सरायकेला जिला मुख्यालय में स्वतंत्र विद्युत ग्रिड सब-स्टेशन की स्थापना तथा आरडीएसएस-2 योजना के अंतर्गत शहर क्षेत्र में अंडरग्राउंड केबलिंग कराने की मांग की है।
अपने पत्र में अध्यक्ष मनोज चौधरी ने कहा कि सरायकेला एक ऐतिहासिक एवं महत्वपूर्ण जिला मुख्यालय होने के बावजूद लंबे समय से गंभीर विद्युत संकट का सामना कर रहा है। वर्तमान में सरायकेला विद्युत सब-स्टेशन को लगभग 25 किलोमीटर दूर चाईबासा और राजखरसावां ग्रिड से बिजली आपूर्ति की जाती है। लंबी दूरी, जंगल-पहाड़ी एवं दुर्गम क्षेत्रों से होकर गुजरने वाली लाइन में तकनीकी खराबी अथवा प्राकृतिक आपदा की स्थिति में घंटों बिजली बाधित रहती है।
उन्होंने कहा कि पिछले करीब 15 दिनों से शहर की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, जिससे आम नागरिकों, विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों तथा छोटे उद्योगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बिजली कटौती और खराब आपूर्ति व्यवस्था के कारण लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने पत्र के माध्यम से मांग की है कि सरायकेला में शीघ्र स्वतंत्र विद्युत ग्रिड सब-स्टेशन स्थापित किया जाए तथा आरडीएसएस-2 योजना के तहत शहर क्षेत्र में अंडरग्राउंड केबलिंग कर बिजली व्यवस्था को स्थायी और सुरक्षित बनाया जाए, ताकि आम जनता को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिल सके।










