दामोदर नदी में फिर घुला जहर, बोकारो थर्मल प्लांट पर गंभीर आरोप, विधायक सरयू राय ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने दामोदर नदी में बढ़ते प्रदूषण को लेकर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि Damodar Valley Corporation (डीवीसी) के अंतर्गत संचालित बोकारो थर्मल पावर स्टेशन (बीटीपीएस) से निकलने वाला दूषित बहिस्राव फिर से दामोदर नदी को प्रदूषित कर रहा है।

विधायक के अनुसार, ताप बिजली घर से निकलने वाला राख, छाई, तैलीय और रासायनिक तत्वों से युक्त पानी सीधे कोनार नदी होते हुए दामोदर नदी में गिर रहा है, जिससे पर्यावरण और जनस्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।

उन्होंने बताया कि सामान्य प्रक्रिया के तहत इस दूषित बहिस्राव को ऐश पौंड में संग्रहित कर उसका निस्तारण किया जाना चाहिए, लेकिन वर्तमान में ऐश पौंड से पहले ही पाइपलाइन फटने के कारण यह गंदा पानी सीधे बाहर निकलकर नाले के जरिए कोनार-दामोदर संगम तक पहुंच रहा है।

सरयू राय ने कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी पाइपलाइन फटने और ऐश पौंड की दीवार टूटने जैसी घटनाएं सामने आती रही हैं, जिसके चलते लगातार नदी प्रदूषित हो रही है।

उन्होंने बताया कि “दामोदर बचाओ आंदोलन” के कार्यकर्ताओं द्वारा भेजे गए तस्वीरों के आधार पर उन्होंने बोकारो उपायुक्त को मामले की जानकारी दी है और जिला पर्यावरण समिति की शक्तियों का उपयोग करते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

विधायक ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो बरसात के मौसम में स्थिति और भयावह हो सकती है। उस समय बढ़े जल प्रवाह के साथ प्रदूषण के प्रमाण भी मिट सकते हैं, जिससे जिम्मेदारों पर कार्रवाई करना मुश्किल हो जाएगा।

उन्होंने राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करना उनकी वैधानिक जिम्मेदारी है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.