भीषण गर्मी में डालसा की मानवीय पहल, ट्रैफिक पुलिसकर्मियों व कामगारों के बीच बांटा ओआरएस और ठंडा जल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा) के निर्देश पर चलाए जा रहे 90 दिवसीय जागरूकता अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) के अधिकार मित्रों (पीएलवी) ने बुधवार को भीषण गर्मी के बीच मानवता और सेवा का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। न्याय रथ के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों एवं कामगारों के बीच ओआरएस पैकेट और ठंडा पेयजल वितरित किया गया।

अभियान के दौरान साकची शीतला मंदिर के समीप, जुबली पार्क गेट, सीएच एरिया, साईं मंदिर, सोनारी दारोगा बस्ती, दोमुहानी, मैरीन ड्राइव चौक, राणा प्रताप चौक सहित कई स्थानों पर ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों और श्रमिकों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई। कड़ी धूप और गर्म हवाओं के बीच ओआरएस एवं ठंडा जल मिलने से लोगों ने राहत महसूस की और डालसा की इस पहल की सराहना की।

इस अवसर पर डालसा के पीएलवी सदस्यों ने जरूरतमंद लोगों के बीच कानूनी जागरूकता अभियान भी चलाया। लोगों को विभिन्न कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं तथा न्याय प्राप्ति के उपलब्ध साधनों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

अभियान में शामिल पीएलवी नागेंद्र कुमार, दिलीप जायसवाल, मनोज महतो, सुजय दत्ता, जोबा रानी बास्के, रीना तिवारी एवं सुनीता झा ने लोगों को डालसा के कार्य एवं उद्देश्यों से अवगत कराया। साथ ही नागरिकों के मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, बाल विवाह, बाल श्रम, घरेलू हिंसा, पोक्सो अधिनियम, डायन प्रथा, सड़क दुर्घटना मुआवजा, आपदा राहत, मानव तस्करी सहित विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी विषयों पर विस्तार से जानकारी प्रदान की।

पीएलवी सदस्यों ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या या सहायता की आवश्यकता होने पर वे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय से संपर्क कर निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

डालसा की इस पहल को लोगों ने सराहा और कहा कि भीषण गर्मी के बीच राहत सामग्री वितरण के साथ-साथ कानूनी जागरूकता फैलाने का यह अभियान समाज के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रहा है।

Leave a Comment

The specified slider does not exist.

और पढ़ें