नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सीआरपीएफ का सिविक एक्शन कार्यक्रम

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Kolbanga:नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों और स्थानीय जनता के बीच आपसी विश्वास को मजबूत करने तथा विकास की गति को तेज करने के उद्देश्य से केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा लगातार सिविक एक्शन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 23 जनवरी 2026 को ई/11 बटालियन के कोलबोंगा कैंप में सिविक एक्शन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में 11वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी श्री पीतबास पांडा एवं ई/11 समवाय के समवाय अधिकारी श्री नीरज कुमार सोनकर (सहायक कमांडेंट) विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सिविक एक्शन कार्यक्रम सुरक्षा बलों और आम जनता के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी स्थापित करते हैं, जिससे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलती है।
इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी श्री पीतबास पांडा ने कहा कि बच्चे देश के भावी कर्णधार हैं और उनके सर्वांगीण विकास की जिम्मेदारी पूरे समाज की है। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए स्थानीय जनता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और विद्यार्थियों के बीच उपयोगी सामग्री का वितरण किया गया। स्कूली बच्चों को बैग एवं लेखन सामग्री प्रदान की गई, जबकि ग्रामीणों को कंबल, शॉल, जूते, स्वेटर एवं बर्तन वितरित किए गए। वहीं स्थानीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से क्रिकेट टीम को क्रिकेट सामग्री तथा फुटबॉल टीम को फुटबॉल और जूते उपलब्ध कराए गए।
समवाय अधिकारी श्री नीरज कुमार सोनकर (सहायक कमांडेंट) ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि गांव और समाज के समग्र विकास के लिए सीआरपीएफ हरसंभव प्रयास करती रहेगी। कार्यक्रम में निरीक्षक मनीष कुमार, उपनिरीक्षक माखन सिंह, सहायक उपनिरीक्षक राजेश कुमार, सहायक उपनिरीक्षक रामकृष्णा राय, हवलदार संजय कुमार यादव, समवाय लिपिक धर्मेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें