Jamshedpur : सी.पी. समिति विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा विद्यालय के अध्यक्ष एवं भाजपा के नव-नियुक्त पूर्वी सिंहभूम जिला प्रभारी दिनेश कुमार के सम्मान में विद्यालय सभागार में भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें बुके, शॉल एवं मिठाई भेंट कर सम्मानित किया गया तथा नई संगठनात्मक जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में विद्यालय के संरक्षक खेमलाल चौधरी, प्रभारी प्रधानाध्यापक अमित कुमार सिंह सहित प्रबंधन समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे। समारोह का संचालन विद्यालय के महासचिव परमानंद कौशल ने किया।
इस दौरान ग्रीष्मावकाश के बाद विद्यालय के पुनः संचालन, विद्यार्थियों के स्वागत, बेहतर शैक्षणिक वातावरण के निर्माण तथा शिक्षा की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विद्यालय के सर्वांगीण विकास और अनुशासित शैक्षणिक माहौल को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव भी सामने आए।
अपने संबोधन में दिनेश कुमार ने शिक्षा को समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार के सहयोग से संस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा। साथ ही विद्यालय परिवार द्वारा दिए गए सम्मान के लिए उन्होंने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने भाजपा द्वारा दिनेश कुमार को पूर्वी सिंहभूम जिला प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने को विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय बताया और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
कार्यक्रम में जगदेव साहू, सालिक दास देवांगन, जैसेप लाल देवांगन, रामनरेश साहू, बीरेन्द्र कुमार, रेमन कुमार, अजय साहू, संतोष कुमार, धनेश्वर प्रसाद, खेमलाल साहू, छगन लाल, हेमंत कुमार साहू, दिनेश कुमार साहू, संदीप कुमार, पुष्पेंद्र कुमार, आकाश साहू, त्रिवेणी कुमार, सत्येंद्र साहू, शिव कुमार सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में सभी सदस्यों ने दिनेश कुमार को नई जिम्मेदारी के लिए पुनः शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय एवं समाज के विकास में उनके निरंतर योगदान की कामना की।









