Manoharpur : जंगली हाथी के हमले में मृत ग्रामीण चंदन जोजो की आश्रित पत्नी नंदी जोजो को वन विभाग की ओर से अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की गई। शुक्रवार को आयोजित एक कार्यक्रम में विभाग द्वारा नंदी जोजो को 4 लाख रुपये का मुआवजा चेक सौंपा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, समठा गांव निवासी चंदन जोजो 20 दिसंबर 2025 को जंगल से लकड़ी लाने गए थे। इसी दौरान घर से लगभग एक किलोमीटर दूर उनका सामना एक जंगली हाथी से हो गया। हाथी के हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई थी।
वन विभाग ने नियमानुसार मृतक के परिजनों को सहायता राशि उपलब्ध कराते हुए उनकी पत्नी नंदी जोजो को 4 लाख रुपये का चेक सौंपा। विभागीय अधिकारियों ने कहा कि वन्यजीवों से होने वाली दुर्घटनाओं में प्रभावित परिवारों को सरकार द्वारा निर्धारित प्रावधानों के तहत सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
इस अवसर पर समाजसेवी सदस्य संदीप गुड़िया, वनपाल कमल, वनकर्मी बासुदेव सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इधर, ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही जंगली हाथियों की गतिविधियों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने वन विभाग से हाथियों की निगरानी बढ़ाने तथा प्रभावी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। ग्रामीणों ने कहा कि हाथियों के लगातार आबादी वाले क्षेत्रों में प्रवेश करने से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।









