कॉलेज ऑफ नर्सिंग, टाटा मेन हॉस्पिटल में दीक्षांत समारोह

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:कॉलेज ऑफ नर्सिंग, टाटा मेन हॉस्पिटल, जमशेदपुर का प्रांगण शुक्रवार को गर्व, उल्लास और भावनाओं से सराबोर नजर आया, जब यहां बेसिक बी.एससी. नर्सिंग के चार बैचों का भव्य दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित इस समारोह में कुल 100 नर्सिंग छात्राओं ने अपनी मेहनत और समर्पण की यात्रा को औपचारिक रूप से पूर्ण किया।

समारोह की मुख्य अतिथि कोल्हान विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता रहीं। उनके आगमन पर कॉलेज परिसर में पारंपरिक झारखंडी लोकनृत्य के माध्यम से छात्राओं ने आत्मीय स्वागत किया, जिसने पूरे वातावरण को सांस्कृतिक रंगों से भर दिया।

इस अवसर पर कोल्हान विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, जमशेदपुर के विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि, कॉलेज गवर्निंग बॉडी के सदस्य, प्रबंधन समिति के पदाधिकारी तथा टाटा मेन हॉस्पिटल का वरिष्ठ नेतृत्व उपस्थित रहा। अभिभावकों की आंखों में गर्व और चेहरे पर मुस्कान साफ झलक रही थी।

मुख्य अतिथि प्रो. गुप्ता ने 100 स्नातक नर्सिंग छात्राओं को डिग्री प्रदान की। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने कहा कि नर्सें स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की रीढ़ होती हैं। उन्होंने नर्सिंग पेशे में नैतिकता, करुणा, अनुशासन और मानवीय संवेदनाओं के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे जहां भी कार्य करें, सेवा भाव और पेशेवर उत्कृष्टता को अपना मूल मंत्र बनाएं।

कार्यक्रम के दौरान कॉलेज प्रबंधन ने भी छात्राओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह का समापन राष्ट्रगान और सामूहिक फोटो सत्र के साथ हुआ, जो इस यादगार दिन को हमेशा के लिए स्मृतियों में संजो गया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.