Guwa:सीटू (CITU) के 18वें अखिल भारतीय सम्मेलन के उपलक्ष्य में सोमवार को गुवासाई गांव स्थित सीटू यूनियन कार्यालय में झंडोत्तोलन कर झंडा दिवस श्रद्धा और संकल्प के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीटू के महासचिव रमेश गोप ने की।
झंडोत्तोलन के पश्चात अपने संबोधन में महासचिव रमेश गोप ने कहा कि सीटू का झंडा मजदूर वर्ग की एकता, संघर्ष और अटूट संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “जनपक्षीय विकल्प के लिए संघर्ष” सीटू का मूल नारा है और इसी विचारधारा के साथ संगठन हर वर्ष झंडा दिवस मनाता आ रहा है।
उन्होंने कहा कि यह दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि मजदूरों के अधिकारों की रक्षा, सामाजिक न्याय और शोषण के खिलाफ निरंतर संघर्ष की याद दिलाने वाला अवसर है। मौजूदा दौर में मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ संगठित संघर्ष की आवश्यकता और भी बढ़ गई है।
कार्यक्रम में सीटू के सचिव राकेश कुमार, राज्य सदस्य मलय पाणीग्राही, विजय कुमार बेहेरा, अनिल कुमार, फोरमैन मांझी, आर. सोरेन, विशाल घोघरा, दीप कुमार पान, मनोज कुमार, बुलन राय, एन. चक्रवर्ती सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे।
सभी ने एकजुट होकर मजदूर हितों की रक्षा और संगठन को और मजबूत करने का संकल्प लिया।









