चांडिल में JLKM नेता तरुण महतो मारपीट मामले की जांच तेज, डीआईजी ने अधिकारियों से की पूछताछ

SHARE:

Adityapur : JLKM नेता तरुण महतो के साथ हुई मारपीट के मामले में जांच प्रक्रिया तेज हो गई है। मंगलवार को कोल्हान डीआईजी अनुरंजन केष्टोपा चांडिल अनुमंडल कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने प्रकरण से जुड़े पुलिस पदाधिकारियों से विस्तृत पूछताछ की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायात भी मौजूद रहे।

डीआईजी ने मामले से संबंधित बिंदुओं पर अधिकारियों से बारी-बारी से बातचीत की और घटनाक्रम की जानकारी ली। हालांकि, शिकायतकर्ता एवं तरुण महतो की पत्नी भानुमति महतो पूछताछ के लिए उपस्थित नहीं हो सकीं, जिसके कारण उनसे बयान नहीं लिया जा सका।

डीआईजी अनुरंजन केष्टोपा ने मीडिया को बताया कि भानुमति महतो द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर जांच जारी है और आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच निष्पक्ष और तथ्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।

गौरतलब है कि भानुमति महतो की शिकायत पर झारखंड हाई कोर्ट ने संज्ञान लिया है। सोमवार को सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक को हाई कोर्ट में पेश होना पड़ा था, जहां कोर्ट ने डीआईजी से मामले की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। डीआईजी ने बताया कि जांच जारी है, इसलिए किसी निष्कर्ष पर अभी टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।

Leave a Comment