Chaibasa:पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा शहर में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां सूरजमल जैन डीएवी पब्लिक स्कूल के कक्षा 11 विज्ञान के छात्र रौनक प्रधान ने आत्महत्या कर ली। वह टुंगरी निवासी अविनाश प्रधान का पुत्र था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को विद्यालय द्वारा कक्षा 11 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया था, जिसमें रौनक को कई विषयों में अपेक्षा से कम अंक प्राप्त हुए थे। इससे वह काफी मानसिक रूप से आहत हो गया। इसी के बाद उसने अपने घर में दुपट्टे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना के बाद पूरे शहर में शोक और स्तब्धता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि परीक्षा परिणाम के कारण बच्चों द्वारा इस तरह का कदम उठाना समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि परीक्षा के परिणाम को लेकर बढ़ता दबाव और असफलता का भय बच्चों पर मानसिक रूप से गहरा असर डाल रहा है। ऐसे में अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है, ताकि वे बच्चों को भावनात्मक सहारा दे सकें और उन्हें यह समझा सकें कि परीक्षा जीवन का अंतिम लक्ष्य नहीं है।
यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो समय रहते मदद लेना बेहद जरूरी है। परिवार, मित्रों या काउंसलर से खुलकर बात करना ऐसे कठिन समय में सहायक हो सकता है।









