Chaibasa : मोमिन कॉन्फ्रेंस की ओर से शनिवार को बड़ी बाजार स्थित उर्दू लाइब्रेरी के समीप हलीम कॉम्प्लेक्स में मैट्रिक एवं इंटर परीक्षा में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण 40 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
विद्यार्थियों को दिए गए पुरस्कार एस.आर. रूंगटा ग्रुप और सोनु मोबाइल की ओर से उपलब्ध कराए गए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ. गयासुद्दीन, मो. बारिक, सजरूल होदा और जफर नसीम ने विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. गयासुद्दीन ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण है और हर व्यक्ति का शिक्षित होना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से मोबाइल का कम उपयोग करने और किताबों के साथ अधिक समय बिताने की अपील की। उन्होंने कहा, “किताब बोलता नहीं, हमें बोलना सिखाता है।”
मो. बारिक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह सफलता उनकी पढ़ाई की शुरुआत है और आगे उन्हें लंबा सफर तय करना है। उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थी इसी मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ते रहे तो निश्चित रूप से सफलता उनके कदम चूमेगी।
सजरूल होदा ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में निरंतर सफलता हासिल करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम का संचालन मोमिन कॉन्फ्रेंस के जिला अध्यक्ष मोअज्जम बिहारी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जफर नसीम उर्फ राजू ने किया।
इस अवसर पर फैज अहमद, मो. सोएब, मो. काशीमुद्दीन, मो. नवाब, अर्पित कुमार, मो. फिरोज, तहसीन अमीन, चांद खान सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।












