Jamshedpur : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी जमशेदपुर महानगर अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा रविवार को टुईलाडूंगरी स्थित गुरुद्वारा हॉल में ‘सबका साथ, सबका विकास’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अल्पसंख्यक समुदाय के बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की।
कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष अनवर हयात एवं जिला अध्यक्ष मनजीत सिंह गिल के नेतृत्व में बिष्टुपुर स्थित चुना शाह बाबा मजार पर चादरपोशी के साथ हुई। इसके बाद टुईलाडूंगरी गुरुद्वारा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के निरंतर संकल्प की सफलता के लिए विशेष अरदास एवं प्रार्थना की गई।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत गुरुद्वारा परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। वहीं, आयोजित निःशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य जांच शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, सामाजिक समावेशन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जिससे सभी वर्गों में विश्वास और विकास का वातावरण बना है।
कार्यक्रम का संचालन तरसेम सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बलजीत सिंह ने किया।
इस अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनवर हयात, प्रदेश महामंत्री ताजदार आलम, जिला अध्यक्ष मनजीत सिंह गिल, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, कुलवंत सिंह बंटी, मिथिलेश सिंह यादव, संजीव सिंह, खेमलाल चौधरी, बाबा सिंह, जगतार सिंह, रॉकी सिंह, चंचल भाटिया, रिंकू सिंह, गुरुद्वारा के प्रधान सतबीर सिंह, भाजपा गोलमुरी मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय, सुखदेव सिंह, सतवीर सिंह सूमो, नौशाद खान, शाहिद खान, इमरान सहित अल्पसंख्यक समुदाय के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।









