छात्रों पर मुकदमों की वापसी और भर्ती परीक्षा घोटालों की सीबीआई जांच की मांग को लेकर भाजपा का प्रदर्शन आज

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : छात्रों पर दर्ज मुकदमों की वापसी और विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में सामने आए कथित घोटालों की सीबीआई जांच की मांग को लेकर भाजपा जमशेदपुर महानगर मंगलवार को झामुमो-कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर प्रस्तावित प्रदर्शन उपायुक्त कार्यालय के समक्ष किया जाएगा।

प्रदर्शन में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद आभा महतो, प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह समेत जमशेदपुर महानगर के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात कही गई है।

तीन प्रमुख मांगों को लेकर सड़क पर उतरेगी भाजपा

भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान तीन प्रमुख मांगें उठाई जाएंगी। इनमें छात्रों पर दर्ज मुकदमों को तत्काल वापस लेने, छात्रों की आवाज और उनके आंदोलनों को दबाने की कार्रवाई बंद करने तथा विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित घोटालों की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराने की मांग शामिल है।

संजीव सिन्हा ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जिन युवाओं के हाथ में रोजगार और बेहतर भविष्य की उम्मीद होनी चाहिए, उनके हाथ में मुकदमों की प्रतियां थमाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की आवाज सुनने के बजाय मुकदमे दर्ज कर उनके आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों पर जवाबदेही तय करने के बजाय युवाओं को डराने-धमकाने की नीति अपनाई जा रही है, जिसे झारखंड के युवा स्वीकार नहीं करेंगे।

जिला कार्यालय से निकलेगा पैदल मार्च

भाजपा जिलाध्यक्ष के अनुसार मंगलवार सुबह 11 बजे पार्टी कार्यकर्ता जिला कार्यालय में एकत्रित होंगे। इसके बाद पैदल मार्च करते हुए जुलूस की शक्ल में उपायुक्त कार्यालय पहुंचेंगे, जहां प्रदर्शन किया जाएगा।

उन्होंने पार्टी के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। संजीव सिन्हा ने कहा कि यह प्रदर्शन झारखंड के उन युवाओं की आवाज है, जो पारदर्शी व्यवस्था, निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें