Manoharpur : मनोहरपुर रेलवे स्टेशन परिसर से गायब हुई पल्सर एनएस बाइक को पुलिस ने सूचना मिलने के करीब दो घंटे के भीतर बरामद कर लिया। बाइक बीसखोली के समीप लावारिस हालत में मिली। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद बाइक उसके मालिक को सौंप दी।
जानकारी के अनुसार रेलवे में ग्रुप-डी कर्मचारी आशीष कोड़ा रविवार दोपहर ड्यूटी के लिए मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। उन्होंने अपनी पल्सर एनएस बाइक (JH 06U 9748) को प्लेटफॉर्म संख्या-1 के बाहर स्टेशन परिसर में खड़ा किया था। रात करीब नौ बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद जब वे वापस लौटे तो बाइक वहां से गायब थी।
आसपास काफी खोजबीन के बावजूद बाइक का पता नहीं चला। इसके बाद आशीष कोड़ा ने रात करीब 10 बजे पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस ने शुरू की तलाश
बाइक गायब होने की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अम्मीएल एक्का के नेतृत्व में पुलिस और जेपी के जवानों ने तत्काल खोजबीन शुरू कर दी। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर तलाश करने के साथ विभिन्न दिशाओं में घेराबंदी की।
इसी दौरान बीसखोली के समीप बाइक लावारिस हालत में बरामद कर ली गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से कुछ ही घंटों में बाइक का पता चल गया। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर बाइक उसके मालिक आशीष कोड़ा को सौंप दी गई।
लिखित शिकायत नहीं मिलने से प्राथमिकी दर्ज नहीं
थाना प्रभारी अम्मीएल एक्का ने बताया कि बाइक गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी थी और बाइक बरामद कर मालिक को सौंप दी गई है। उन्होंने बताया कि अभी तक मामले में लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, इसलिए फिलहाल प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। हालांकि, पुलिस बाइक को वहां छोड़ने वाले अज्ञात लोगों की पहचान और घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

















