पोटका में मलेरिया और ब्रेन मलेरिया के बढ़ते प्रकोप पर भाजपा का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मिला, सौंपा ज्ञापन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur  : पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड समेत विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में मलेरिया एवं ब्रेन (सेरेब्रल) मलेरिया के बढ़ते प्रकोप को लेकर भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में सोमवार को एक प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त राजीव रंजन से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल व्यापक स्वास्थ्य अभियान चलाने और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की।

ज्ञापन में बताया गया कि पोटका प्रखंड की नारदा, हरिणा, पोड़ा तेंतला, ग्वालकाटा, माटिन, गांगाडीह, हेंसाबिल और टांगराईन पंचायतों सहित कई गांवों में मलेरिया का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। कुदरुकोचा, सिंदूरपुर, ठेंगाम, कुंदरु वालिचुआ, पापड़गाड़ा, जोजोगोड़ा, हितवासा, सांगामडिया, पोड़ा तेंतला, सबरनगर, मोहानडीह, आमडीह, सोहडीह, चंगनपुर, बुढ़गोड़ा, झारिया, खड़ियाकोचा, गोमियासाही, खड़ियासाई, टांगराईन और सबर टोला समेत कई गांव गंभीर रूप से प्रभावित बताए गए हैं।

भाजपा ने ज्ञापन में दावा किया कि स्थानीय जानकारी के अनुसार करीब दो हजार से अधिक लोग मलेरिया से संक्रमित हैं तथा अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है। हेंसाबिल पंचायत के खड़ियासाई गांव में सेरेब्रल मलेरिया से एक मासूम की मौत का उल्लेख करते हुए कहा गया कि यदि तत्काल प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो जनहानि और बढ़ सकती है।

प्रतिनिधिमंडल में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, पोटका की पूर्व विधायक मेनका सरदार, पूर्व प्रत्याशी मीरा मुंडा, जिला उपाध्यक्ष संजीव सिंह, बबुआ सिंह, अमरजीत सिंह राजा, जिला महामंत्री राजीव सिंह, जितेंद्र राय तथा जिला मंत्री तन्मय झा शामिल थे।



सांसद विद्युत वरण महतो ने उपायुक्त से प्रभावित गांवों में विशेष मेडिकल टीम भेजने, पर्याप्त दवाइयों एवं जांच किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने, नियमित फॉगिंग, एंटी-लार्वा दवा के छिड़काव और गंभीर मरीजों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य के इस गंभीर मुद्दे पर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने यह भी कहा कि वे स्वयं राहत कार्यों में सहयोग कर रहे हैं और आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराने के लिए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व से भी आग्रह करेंगे।

पूर्व विधायक मेनका सरदार ने कहा कि पोटका के कई गांवों में संक्रमण तेजी से फैल रहा है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग को युद्धस्तर पर अभियान चलाकर प्रत्येक प्रभावित गांव तक पहुंचना चाहिए, ताकि समय पर जांच और उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

पूर्व प्रत्याशी मीरा मुंडा ने प्रभावित पंचायतों में स्वास्थ्य शिविर, घर-घर जांच, मच्छरदानी वितरण, जनजागरूकता अभियान तथा गंभीर मरीजों के लिए एंबुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने पोटका के साथ-साथ बागबेड़ा जैसे शहरी क्षेत्रों में भी विशेष सफाई अभियान, नियमित फॉगिंग, एंटी-लार्वा दवा के छिड़काव और ब्लीचिंग पाउडर के उपयोग की आवश्यकता बताई।

महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि पोटका समेत प्रभावित क्षेत्रों में मलेरिया और ब्रेन मलेरिया का बढ़ता प्रकोप बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनस्वास्थ्य से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर जिला प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

वहीं, उपायुक्त राजीव रंजन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन मलेरिया एवं सेरेब्रल मलेरिया की रोकथाम को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार सर्वे, जांच और उपचार कर रही हैं तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त मेडिकल टीमों की भी तैनाती की जाएगी। साथ ही नियमित फॉगिंग, एंटी-लार्वा दवा का छिड़काव, ब्लीचिंग पाउडर का उपयोग, जनजागरूकता अभियान, पर्याप्त दवाइयों एवं जांच किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर बीमारी पर शीघ्र नियंत्रण के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.