Jamshedpur:शहर के बारीडीह बाजार गोलचक्कर में सोमवार को शहीद दिवस के अवसर पर नागरिक अधिकार सुरक्षा समिति द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के अमर क्रांतिकारियों भगत सिंह, सुखदेव थापर और शिवराम राजगुरु को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद-ए-आजम भगत सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। इस अवसर पर सुभाष सांस्कृतिक परिषद् के वरिष्ठ समाजसेवी शेखर डे, समिति के अध्यक्ष विनोद खुमान वर्मा तथा नेताजी सुभाष विचार मंच के अध्यक्ष रंजीत घोषाल ने अपने संबोधन में शहीदों के योगदान को याद किया।
वक्ताओं ने कहा कि इन महान क्रांतिकारियों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी और उनका सपना एक ऐसे भारत का था, जहां गरीब, शोषित और पीड़ित वर्ग को वास्तविक स्वतंत्रता मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान समिति के उपाध्यक्ष हरभजन सिंह ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भावुक बना दिया। इस मौके पर मन्दु डे, हृदयपाल, शेखर पाल, राजकुमार वर्मा, दिनेश सिंह, अरुण कुमार भगत, भगवान झा, सरोज शर्मा, खुमान टोपो एवं के० के० देशमुख सहित कई लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे, जिन्होंने शहीदों को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।









