Jamshedpur : सावन और रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर बैंक ऑफ बड़ौदा करेंसी चेस्ट, जमशेदपुर की ओर से अमर मार्केट के समीप स्थित ‘पब्लिक स्क्वायर’ में कॉइन मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान करीब 150 ग्राहकों एवं व्यापारियों के बीच ₹5, ₹10 और ₹20 मूल्यवर्ग के सिक्कों का वितरण किया गया।
प्रत्येक व्यापारी को अधिकतम ₹5,000 तक के सिक्के उपलब्ध कराए गए। बैंक अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य बाजार में छोटे मूल्यवर्ग के सिक्कों की उपलब्धता सुनिश्चित करना और व्यापारियों को दैनिक लेन-देन में सुविधा प्रदान करना है।
कार्यक्रम में बैंक के अधिकारी नीरज प्रसाद, जितेंद्रनाथ गोप सहित अन्य बैंककर्मी मौजूद रहे। व्यापारियों ने बैंक ऑफ बड़ौदा की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित और व्यापारिक हित में उपयोगी कदम बताया।

















