बागबेड़ा में पाइपलाइन लीकेज और अधूरे पक्कीकरण पर भड़के सुनील गुप्ता, संवेदक को ब्लैकलिस्ट करने की मांग

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत अंतर्गत कुंवर सिंह मैदान रोड नंबर–3 में पाइपलाइन इंटर कनेक्शन कार्य के बाद उत्पन्न समस्याओं को लेकर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (पीएचईडी) के कार्यपालक अभियंता सुमित कुमार को मांग पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पाइपलाइन लीकेज, क्षतिग्रस्त स्लैब की मरम्मत और अधूरे पक्कीकरण का कार्य जल्द पूरा कराने के साथ लापरवाही बरतने वाले संवेदक को ब्लैकलिस्ट करने की भी मांग उठाई।

सुनील गुप्ता ने बताया कि पाइपलाइन इंटर कनेक्शन का कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र के करीब 50 घरों में पेयजल आपूर्ति शुरू हो गई है, लेकिन पाइपलाइन से लगातार हो रहे जल रिसाव के कारण प्रतिदिन बड़ी मात्रा में पेयजल बर्बाद हो रहा है। साथ ही सड़क पर जलजमाव की स्थिति बन रही है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर क्षतिग्रस्त स्लैब और खुदाई के बाद अधूरा छोड़ा गया पक्कीकरण राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का कारण बन सकता है। स्थानीय लोगों को रोजाना आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

पंचायत समिति सदस्य ने मांग की कि पाइपलाइन लीकेज को तत्काल दुरुस्त किया जाए, टूटे हुए स्लैब की मरम्मत कराई जाए तथा खुदाई वाले हिस्से और आसपास के क्षेत्र का शीघ्र पक्कीकरण कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि संवेदक निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने में विफल रहता है तो उसे ब्लैकलिस्ट कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता सुमित कुमार ने कनीय अभियंता आशुतोष को तत्काल अधूरे कार्यों को पूरा कराने का निर्देश दिया। साथ ही चेतावनी दी कि यदि संवेदक की ओर से लापरवाही बरती गई तो उसके विरुद्ध विभागीय नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें