बागबेड़ा धोबी घाट में श्रद्धा व उल्लास के साथ संपन्न हुई अषाढ़ी पूजा, सौंदर्यीकरण का आश्वासन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत भवन के सामने स्थित धोबी घाट परिसर में रजक समाज, बागबेड़ा धोबी घाट के तत्वावधान में सोमवार को पारंपरिक आस्था और उल्लास के साथ अषाढ़ी पूजा संपन्न हुई। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी समाज के लोगों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां शीतला ब्रिज देवी की आराधना की तथा समाज की सुख-समृद्धि, रोजगार में उन्नति और क्षेत्र के विकास की कामना की।

धार्मिक अनुष्ठान के दौरान परंपरा के अनुसार बलि अर्पित की गई और समाज के लोगों ने पूरे श्रद्धाभाव से पूजा में भाग लिया। पूजा स्थल पर दिनभर धार्मिक वातावरण बना रहा और बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत के पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने रजक समाज के लोगों को अषाढ़ी पूजा की शुभकामनाएं देते हुए धोबी घाट के समग्र विकास के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि धोबी घाट के सौंदर्यीकरण और जर्जर हो चुकी बाउंड्री वॉल के पुनर्निर्माण के लिए पोटका विधायक संजीव सरदार से मिलकर आवश्यक पहल की जाएगी, ताकि समाज की वर्षों पुरानी समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके।

सुनील गुप्ता ने कहा कि रजक समाज सामाजिक एवं धार्मिक परंपराओं को सहेजने का सराहनीय कार्य कर रहा है और भविष्य में भी समाज के विकास तथा जनहित के कार्यों में उनका पूरा सहयोग रहेगा।

इस अवसर पर रजक समाज के कोषाध्यक्ष रामजी रजक, उपाध्यक्ष अशोक रजक, कार्यकारिणी अध्यक्ष धर्मेंद्र रजक, कोषाध्यक्ष जोगेंद्र रजक, कार्यकारिणी सदस्य विनोद रजक, हेमंत रजक, बबलू रजक, सरयु रजक, मनोज रजक, पप्पू रजक एवं दिलीप रजक सहित बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित रहे।

धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और पारंपरिक संस्कृति का प्रतीक बना यह आयोजन श्रद्धालुओं की सहभागिता के साथ शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें