Chaibasa : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने रविवार को चाईबासा सदर प्रखंड की टेकराहातु पंचायत में ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का प्रसारण सुना। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम के बाद ग्रामीणों को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम समाज में जनभागीदारी बढ़ाने और सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, नवाचार, आत्मनिर्भर भारत, युवाओं की भूमिका और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर देशवासियों को प्रेरित किया है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और लोग समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं, तभी आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार होगा।
इस अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व मंत्री बड़कुँवर गागराई, भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता जे.बी. तुबिड सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
दौरे के दौरान बाबूलाल मरांडी पूर्व मंत्री बड़कुँवर गागराई के आवास भी पहुंचे, जहां उनका पारंपरिक रीति-रिवाज से स्वागत किया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं और परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा की।
इसके बाद उन्होंने भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचु के आवास पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना। हाल ही में सड़क दुर्घटना में घायल हुईं गीता बालमुचु के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी उन्होंने की। कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा, वहीं ग्रामीणों ने भी प्रधानमंत्री के संबोधन को सुनने के बाद विभिन्न सामाजिक और विकासात्मक मुद्दों पर चर्चा की।









