अटल जयंती पर विशाल रक्तदान शिविर: 701 यूनिट रक्त संग्रह, सेवा–समर्पण की मिसाल बना आयोजन

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की 101वीं जयंती के अवसर पर गुरुवार को गोलमुरी स्थित केबुल वेलफेयर क्लब में एक दिवसीय विशाल अटल स्मृति रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस शिविर में कुल 701 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। आयोजन में विशेष रूप से युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था, जिन्होंने बढ़-चढ़कर रक्तदान कर मानव सेवा का परिचय दिया।

शिविर का विधिवत उद्घाटन राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अटल बिहारी वाजपेयी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया। इस अवसर पर सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, पूर्व विधायक मेनका सरदार, पोटका की पूर्व प्रत्याशी मीरा मुंडा सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

उद्घाटन अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि अटल जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र निर्माण, लोकतांत्रिक मूल्यों और मानव सेवा को समर्पित रहा। उनकी स्मृति में रक्तदान जैसे पुनीत आयोजन समाज को प्रेरणा देते हैं। उन्होंने युवाओं से अटल जी के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

सांसद विद्युत वरण महतो ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि अटल जयंती पर इस तरह के आयोजन उनके विचारों और मानवीय मूल्यों को जीवंत करते हैं। वहीं विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सेवा भाव और मानवीय संवेदनाओं को सशक्त बनाते हैं।
पूर्व विधायक मेनका सरदार ने अटल जी की दूरदर्शी नीतियों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने आदिवासी समाज, वंचित वर्ग और पिछड़े क्षेत्रों के उत्थान के लिए ठोस कार्य किए। मीरा मुंडा ने कहा कि अटल जी का जीवन सेवा, समरसता और मानवीय मूल्यों का प्रतीक रहा है और रक्तदान शिविर उनके विचारों को व्यवहार में उतारने का सशक्त माध्यम है।
आयोजन की अगुवाई कर रहे भाजपा जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी जी की स्मृति में यह रक्तदान शिविर पिछले 22 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है। जमशेदपुरवासियों की सक्रिय भागीदारी ने इसे ऐतिहासिक बनाया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं 56वीं बार रक्तदान किया तथा शिविर में तीन ‘शतकवीर’ रक्तदाताओं ने भी रक्तदान किया। दिनेश कुमार ने सभी रक्तदाताओं, जमशेदपुर ब्लड बैंक, भाजपा कार्यकर्ताओं और सहयोगियों के प्रति आभार जताया।

शिविर में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा, भाजपा प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद, प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, आदित्यपुर के डिप्टी मेयर बॉबी सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं और हजारों की संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन की सफलता में कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों की उल्लेखनीय भूमिका रही।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.