आनंदपुर में दुर्गा पूजा पर भव्य सांस्कृतिक संध्या, कलाकारों के गीतों पर झूमे श्रद्धालु

SHARE:

Chakardharpur : नव युवक दुर्गा पूजा समिति के तत्वावधान में मंगलवार की रात दुर्गा पूजा के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में रांची, सिमडेगा और तेतरकेला से आए कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से श्रद्धालुओं और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राजा रुद्र प्रताप सिंहदेव, विशिष्ट अतिथि आनंदपुर थाना प्रभारी प्रिंस झा, सूर्य प्रताप सिंहदेव, शिव प्रताप सिंहदेव, राजू सिंह, मुनीलाल सुरीन, विभुन्द्र नारायण सिंहदेव, पिंटु जैन, चंचल महांती और चंदन सिंहदेव ने संयुक्त रूप फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

मौके पर राजा रुद्र प्रताप सिंहदेव ने कहा कि दुर्गा पूजा हमारी संस्कृति और धर्म का अभिन्न हिस्सा है। यह पर्व समाज को जोड़ने और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य करता है। वहीं आनंदपुर थाना प्रभारी प्रिंस झा ने कहा कि इस गांव की सबसे बड़ी खूबी यह है कि यहां हर पर्व-त्योहार सभी समुदाय के लोग मिलकर मनाते हैं और गंगा-जमुनी तहजीब को सहेजते आए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि धर्म के बीच राजनीति को जगह नहीं मिलनी चाहिए।

सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने नागपुरी और ठेठ लोक गीतों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। उनकी लोकधुनों पर मौजूद श्रद्धालु और दर्शक झूमने पर मजबूर हो गए। देर रात तक चले इस आयोजन ने पूजा पंडाल को उल्लास और भक्ति के रंगों से सराबोर कर दिया।

Leave a Comment