बारामती में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की राष्ट्रीय कार्यकारिणी परिषद की बैठक

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Ranchi : अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी परिषद की बैठक महाराष्ट्र के बारामती, पुणे में आयोजित हुई। बैठक में देशभर के 38 प्रांतों से आए कार्यकारिणी सदस्यों ने भाग लिया। उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री शिवाजी क्रांति, संगठन मंत्री वी. प्रभु, अध्यक्ष डॉ. कल्याणी कबीर, उपाध्यक्ष ऐंजिल उपाध्याय, सचिव डॉ. अमूल्य पॉल तथा सहसचिव एवं हजारीबाग के मेयर अरविंद राणा की उपस्थिति रही।

दो दिवसीय बैठक के दौरान कुल नौ सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एग्रीकल्चर डेवलपमेंट ट्रस्ट, बारामती के अध्यक्ष राजेंद्र दिनकर राव पवार रहे। विभिन्न सत्रों में ग्राहक पंचायत के अध्यक्ष नारायणभाई साह, सचिव जयंत कथीरिया, उपाध्यक्ष अशोक पांडेय एवं मंगेश जी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

अध्यक्ष नारायणभाई साह ने एमआरपी और यूपीआई से जुड़ी विसंगतियों पर जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए मार्गदर्शन सेवा केंद्र स्थापित करने पर भी जोर दिया।

उपाध्यक्ष अशोक पांडेय ने कहा कि ग्राहक पंचायत एक समन्वयवादी संगठन है और संगठन में संघर्ष की भावना के बजाय सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने पर बल दिया जाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सकारात्मक सोच के साथ सक्रिय रहने का आह्वान किया।

बैठक में अरुण देशपांडेय ने अभ्यास मंडल की गतिविधियों एवं कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। वहीं, कोलकाता में ग्राहक पंचायत के सदस्यों के साथ हुई कथित हिंसक घटना और हिंदुत्व के विरोध में लगाए गए नारों के विरोध में प्रस्ताव पारित किया गया।

इस अवसर पर झारखंड प्रांत की ओर से तैयार ‘ग्राहक जागरण’ पत्रक का विमोचन किया गया। पत्रक हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में तैयार किया गया है। इसका वितरण बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों के बीच किया गया।

बैठक के दौरान ग्राहक पंचायत के विभिन्न आयामों की आगामी कार्ययोजनाओं तथा प्रस्तावित राष्ट्रीय कार्यशाला की जानकारी भी सदस्यों को दी गई। दो दिवसीय बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों और गतिविधियों को लेकर विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें