Chaibasa:समाज सेवा की मिसाल पेश करते हुए अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, चाईबासा शाखा द्वारा शनिवार को संजीव नेत्रालय में निशुल्क मोतियाबिंद जांच एवं ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।
शिविर के दौरान कुल 15 मरीजों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आंखों की जांच की गई। जांच उपरांत सभी मरीजों का सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक मोतियाबिंद ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद मरीजों को आवश्यक दवाइयां और चश्मे निःशुल्क प्रदान किए गए, जिससे उनकी दैनिक जीवन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए समिति द्वारा मरीजों के बीच गर्म कपड़ों का भी वितरण किया गया। शिविर स्थल पर मरीजों के बैठने की समुचित व्यवस्था के साथ-साथ उनके परिजनों के लिए भी निःशुल्क भोजन की व्यवस्था की गई, जिससे सभी को राहत मिली।
पूरे आयोजन के दौरान समिति की सदस्य मरीजों की देखभाल और सहयोग में तत्पर रहीं। इस अवसर पर सचिव निशा केडिया ने बताया कि समिति की संरक्षक गोमती नवेटिया के मार्गदर्शन में यह निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन सेवा पिछले 20 वर्षों से लगातार संचालित की जा रही है, जो अपने आप में एक प्रेरणादायी उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि इलाज के अभाव में किसी को कष्ट न सहना पड़े।
अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन चाईबासा शाखा द्वारा समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर, वस्त्र वितरण, जरूरतमंदों की सहायता एवं अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जाता रहा है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष चंचल सराफ, संरक्षक गोमती नवेटिया, सविता अग्रवाल, पुष्पलता चौबे, कविता शर्मा, कोषाध्यक्ष किरण गोयल, रेनू विजयवर्गीय, अनीता अग्रवाल एवं सुमन सराफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति ने भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।









