मानगो व जुगसलाई निकाय चुनाव में आजसू उतारेगी अपने प्रत्याशी, पूरी ताकत से मैदान में उतरने का ऐलान

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur:आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर आजसू पार्टी ने मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद में पूरी मजबूती के साथ उतरने का ऐलान कर दिया है। आजसू पार्टी मानगो में मेयर और उपमेयर पद के साथ-साथ जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। यह घोषणा आजसू पार्टी के केंद्रीय प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस ने की।
रामचंद्र सहिस ने कहा कि मानगो और जुगसलाई की जनता लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की कमी, बढ़ते भ्रष्टाचार और जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता से परेशान है। जल संकट, बदहाल सड़कें, जर्जर नालियां, गंदगी, बिजली व्यवस्था और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर अब तक गंभीर पहल नहीं हुई है। आजसू पार्टी इन्हीं स्थानीय समस्याओं को केंद्र में रखकर चुनाव लड़ेगी और जनता को एक ईमानदार, जवाबदेह और संघर्षशील नेतृत्व देने का काम करेगी।
उन्होंने कहा कि संगठन स्तर पर पार्टी की तैयारी पूरी हो चुकी है और जल्द ही उम्मीदवारों की औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी। रामचंद्र सहिस ने दावा किया कि आजसू को स्थानीय जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है और आने वाले निकाय चुनाव में पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान तेज करने का आह्वान किया।
इसी क्रम में आजसू पार्टी के पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने कहा कि तीसरे मताधिकार के प्रयोग का यह अवसर क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मताधिकार केवल वोट डालने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनता के अधिकारों और समस्याओं को मजबूती से उठाने का सबसे सशक्त माध्यम है। यदि कार्यकर्ता एकजुट होकर ईमानदारी से काम करें तो यह अवसर क्षेत्र को नई दिशा देने वाला साबित होगा।
कन्हैया सिंह ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को मताधिकार के महत्व के प्रति जागरूक करने और पार्टी की नीतियों व संघर्ष को जनता तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि आजसू पार्टी तीसरे मताधिकार के माध्यम से क्षेत्र में एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगी।
शनिवार को आजसू पार्टी पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की बैठक जुगसलाई नगर पालिका स्थित पार्क में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने की। संचालन जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी और धन्यवाद ज्ञापन सौरभ राहुल सिंह ने किया। बैठक में संजय सिंह, मृत्युंजय सिंह, कृतिवास मंडल, अरूप मल्लिक, मंटू शुक्ला, सचिन प्रसाद, मदन मोहन मिश्रा, आकाश सिन्हा, परवीन प्रसाद, सरफराज खान सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.