Gua : गुवा में पड़ रही 45 डिग्री की भीषण गर्मी के बावजूद कच्छी धौड़ा में आयोजित 24 पहर 72 घंटे का श्री श्री अखंड नाम यज्ञ संकीर्तन शनिवार को दूसरे दिन भी श्रद्धा और भक्ति के साथ जारी रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच भी श्रद्धालुओं और कीर्तन मंडलियों का उत्साह कम नहीं हुआ।
झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा से पहुंचे विभिन्न कीर्तन मंडलियों द्वारा लगातार हरिनाम संकीर्तन किया जा रहा है, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है। संकीर्तन स्थल पर श्रद्धालुओं की लगातार भीड़ उमड़ रही है और लोग भक्ति भाव से कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं।
भीषण गर्मी को देखते हुए श्री श्री अखंड नाम यज्ञ संकीर्तन कमेटी की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। कीर्तन मंडलियों और श्रद्धालुओं को राहत पहुंचाने के लिए पंडाल में कुलर लगाए गए हैं, ताकि गर्मी के कारण किसी की तबीयत खराब न हो। इसके अलावा पेयजल और विश्राम की भी समुचित व्यवस्था की गई है।
कमेटी के सदस्यों ने बताया कि अत्यधिक गर्मी के बावजूद लोगों की आस्था और भक्ति में कोई कमी नहीं आई है। श्रद्धालु लगातार कार्यक्रम में शामिल होकर संकीर्तन का आनंद ले रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर भीषण गर्मी का असर गुवा बाजार में भी साफ देखने को मिला। दोपहर के समय बाजार में सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम भीड़ नजर आई। अधिकतर लोग गर्मी से बचने के लिए अपने घरों में ही रहे। लोगों का कहना है कि तापमान इतना अधिक है कि घरों में लगे कुलर भी राहत नहीं दे पा रहे हैं। कई लोग पेड़ों की छांव में बैठकर ठंडी हवा का सहारा लेते दिखाई दिए।
गर्म हवाओं और तपती धूप के कारण क्षेत्र में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।













