आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में जलजमाव से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कल्पनापुरी बनी तालाब, लाखों की संपत्ति बर्बाद

Share करें

✓ Link copy हो गया!



आदित्यपुर, 20 जुलाई — आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र स्थित कल्पनापुरी कॉलोनी में मामूली बारिश ने भारी जलजमाव की विकराल समस्या को उजागर कर दिया। रविवार को हुई हल्की बारिश के बाद कल्पनापुरी से नगर निगम कार्यालय एवं औद्योगिक क्षेत्र को जोड़ने वाली मुख्य सड़क बड़ी तालाब में तब्दील हो गई, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

जलजमाव का पानी कॉलोनी के घरों और दुकानों में घुस गया, जिससे लाखों रुपये मूल्य के सामान नष्ट हो गए। तीन पहिया वाहन, कारें, मोटरसाइकिल एवं इलेक्ट्रॉनिक सामान जल में डूब गए। स्थानीय निवासी पानी से बचने के लिए घरों में ईंट, लकड़ी या टेबल आदि का सहारा लेकर आवागमन करने को मजबूर हैं।

60% घरों में घुसा पानी, निगम कार्यालय भी चपेट में

कल्पनापुरी की करीब 60 प्रतिशत आबादी इस जलजमाव की समस्या से जूझ रही है। स्थिति इतनी विकट हो चुकी है कि नगर निगम कार्यालय के परिसर तक में पानी घुस गया है। बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी इस जलजमाव में जोखिम उठाकर आवाजाही करने को मजबूर हैं।

“हर साल देते हैं आवेदन, लेकिन सुनवाई नहीं” – अवधेश सिंह

स्थानीय समाजसेवी अवधेश सिंह ने बताया कि कल्पनापुरी से गुजरने वाला नाला सर्वो नगर के रास्ते बहता है। परंतु नाला अत्यधिक छोटा होने के कारण बारिश का पानी निकल नहीं पाता। “हर साल नगर निगम को लिखित शिकायत दी जाती है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है,” उन्होंने बताया।

अतिक्रमण बना जलजमाव की जड़

स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्वो नगर में कुछ लोगों ने सड़क पर अतिक्रमण कर घर बना लिए हैं, जिससे नाले का प्रवाह रुक गया है। परिणामस्वरूप आदित्यपुर-2 क्षेत्र की कई नालियों का पानी कल्पनापुरी होते हुए बहता है, परंतु नाली छोटी होने और अवरुद्ध होने के कारण वह पानी सड़क और घरों में घुस जाता है।

जनता में आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी

जलजमाव से घरों और दुकानों में भारी नुकसान होने के बाद लोगों में नगर निगम के प्रति जबरदस्त आक्रोश है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से अविलंब स्थायी समाधान की मांग की है।



Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें