आदित्यपुर में चोरी और छिनतई की वारदातों ने बढ़ाई दहशत, दो स्थानों पर घटनाएं दर्ज

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur:आदित्यपुर थाना क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से चोरी और छिनतई की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। रविवार को क्षेत्र के दो इलाकों में हुई वारदातों ने स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।

पहली घटना रविवार सुबह की है। कल्पनापुरी से सटे श्रीनाथ ग्लोबल विलेज के मुख्य एंट्री गेट के पास एक युवक का मोबाइल राह चलते छीन लिया गया। पीड़ित का कहना है कि आरोपी पहले से रेकी कर रहा था और मौका मिलते ही मोबाइल झपटकर मुस्लिम बस्ती की ओर फरार हो गया। यह पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। बताया जाता है कि आरोपी के साथ उसका एक साथी भी मौजूद था, जो उसके पीछे चलता दिखाई देता है।

दूसरी घटना शाम करीब 5 बजे की है, जब हरिओम नगर से सटे शांति नगर गृह निर्माण सहकारी समिति क्षेत्र में दो चोरों ने दो अलग-अलग घरों में घुसकर चोरी का प्रयास किया। एक घर में अलमीरा से आभूषण निकालते समय घरवालों की नजर पड़ गई, जिसके बाद शोर मचा। हड़बड़ी में एक चोर फरार हो गया, जबकि दूसरे चोर को स्थानीय लोगों ने धर दबोचा और पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए आरोपी के पास से चोरी किए गए आभूषण भी बरामद किए गए हैं।

थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि “शांति नगर की घटना में घर वालों की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। वहीं मोबाइल छिनतई मामले में आरोपियों की पहचान हो चुकी है, जल्द ही गिरफ्तारी होगी।”

लगातार बढ़ रही वारदातों ने स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है, वहीं पुलिस का दावा है कि मामलों में तेजी से कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.