आदित्यपुर में दुष्कर्म के प्रयास का आरोपी अमन खान गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur:आदित्यपुर थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ दुष्कर्म की कोशिश के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अमन खान उर्फ लड्डू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। घटना 17 फरवरी की शाम लगभग 6 बजे की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने ही किराए के मकान में रह रही एक महिला के साथ जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि अमन खान का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार उसके परिवार के सदस्यों पर भी विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि वर्तमान मामले की जांच तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।
थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि मामले में एक अन्य व्यक्ति की संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। इस संबंध में अनुसंधान जारी है और आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला की शिकायत पर विधि सम्मत कार्रवाई की गई है तथा पीड़िता की सुरक्षा और गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.