Adityapur:आदित्यपुर नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी कड़ी में वार्ड संख्या 18 से भीष्म देव सिंह उर्फ मोंटी सिंह ने पार्षद पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पहले उन्होंने हनुमान मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और विकास की कामना की, जिसके साथ उनके चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत हुई।
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में भीष्म देव सिंह ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य वार्ड 18 की जमीनी समस्याओं का स्थायी समाधान करना और विकास कार्यों को कागज से निकालकर धरातल पर उतारना है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि वार्ड की जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है, तो वे वार्ड 18 को एक आदर्श वार्ड के रूप में विकसित करने के लिए पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि स्वच्छता, सड़क, जलापूर्ति, स्ट्रीट लाइट, नाली और नागरिक सुविधाएं उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेंगी। जनता से संवाद और पारदर्शिता के साथ काम करना उनकी कार्यशैली का आधार होगा।
नामांकन के दौरान और उसके बाद भीष्म देव सिंह को वार्ड के मतदाताओं का भरपूर प्यार और समर्थन मिलता नजर आया। समर्थकों ने उन्हें विजय का आशीर्वाद दिया और क्षेत्र में उनके सामाजिक कार्यों की खुले दिल से सराहना की। वार्ड 18 में उनके नामांकन से चुनावी मुकाबला और रोचक हो गया है।









