adityapur-journalist-attack-police-role-questioned आदित्यपुर में पत्रकार पर जानलेवा हमला: थाना प्रभारी की ‘कहानी’ में उलझी जांच, आरोपी खुलेआम घूमते रहे और अब फरार

Share करें

✓ Link copy हो गया!

आदित्यपुर (सरायकेला-खरसावां)
आदित्यपुर में पत्रकार अंकित शुभम एवं उनके परिवार पर हुए जानलेवा हमले के मामले में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पत्रकारों और स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है। आरोप है कि पुलिस मामले को लपेटने में जुटी है और थाना प्रभारी मनगढ़ंत कहानी सुना कर अपनी नाकामी छुपा रहे हैं।

घटना में नामजद आरोपी सुभाष यादव, बीएसएफ जवान संजीव कुमार तथा उनके परिजन अब भी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। इस बीच जांचकर्ता के साथ मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी महेश उराव द्वारा पत्रकार से अभद्र भाषा और खुलेआम धमकी देने का मामला भी तूल पकड़ता जा रहा है।

“दूसरे स्टेट भाग गया”  सवालों के घेरे में थाना प्रभारी

थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बयान दिया कि आरोपी “दूसरे राज्य भाग गया है,” इसलिए गिरफ्तारी में असुविधा हो रही है। वहीं एएसआई महेश उराव के आचरण पर उन्होंने कहा कि जांच की गई है और रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत को सौंपी जाएगी।

लेकिन पत्रकारों का प्रत्यक्ष आरोप है कि घटना के बाद भी आरोपी सुभाष यादव और उसके परिजन थाना परिसर सहित कई सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम घूमते रहे, तब पुलिस ने कार्रवाई क्यों नहीं की? आज जब आरोपी “दूसरे स्टेट” भागने की बात कही जा रही है, तो यह लापरवाही किसकी?

टालमटोल का आरोप, पुलिस पर उठे गंभीर सवाल

पत्रकारों का कहना है कि गिरफ्तारी के बजाय टालमटोल की नीति अपनाई गई। नतीजा—आज आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस उन्हें पकड़ने में असफल दिख रही है। इससे पुलिस की मंशा और कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो गए हैं।

पत्रकारों की प्रमुख मांगें

आरोपी सुभाष यादव, बीएसएफ जवान संजीव कुमार और परिजनों की तत्काल गिरफ्तारी।

पुलिसकर्मी एएसआई महेश उराव के खिलाफ कठोर कार्रवाई।

पत्रकारों के साथ हुई बर्बरता में पुलिस भूमिका की स्वतंत्र जांच।

स्थानीय लोगों व पत्रकारों के सवाल

नामजद आरोपियों को अब तक क्यों नहीं गिरफ्तार किया गया?

एएसआई महेश उराव पर तत्काल कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

इस पूरे मामले में पुलिस की ठोस कार्रवाई आखिर क्या है?

पत्रकार संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.