आदित्यपुर में बच्चा चोरी की अफवाह बनी बड़ा मुद्दा

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur:आदित्यपुर में बच्चा चोरी की अफवाह बनी बड़ा मुद्दा
आदित्यपुर (सरायकेला-खरसावां)। सरायकेला जिले के आदित्यपुर-2 क्षेत्र में रविवार को बच्चा चोरी की अफवाह ने अचानक तनाव की स्थिति पैदा कर दी। हालांकि पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से मामला समय रहते सुलझ गया और एक बड़ी अनहोनी टल गई।
वार्ड संख्या 31, रोड नंबर 11 में स्थानीय लोगों ने मुसाबनी निवासी कल्याणी परेरा को इलाके में घूमते देखा। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि महिला नारियल और खाने-पीने की चीजों का लालच देकर बच्चों को अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रही थी। महिला के पास कोई आधिकारिक पहचान पत्र नहीं होने के कारण संदेह और गहरा गया। देखते ही देखते अफवाह फैल गई और भीड़ जुटने लगी।
स्थिति को गंभीर होता देख स्थानीय लोगों ने महिला को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही RIT Police Station के थाना प्रभारी Sanjeev Kumar मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
पूछताछ के दौरान कल्याणी परेरा ने बताया कि वह एक समाचार पत्र के लिए विज्ञापन और बुकिंग के कार्य से क्षेत्र में आई थी। संबंधित संस्थान के संपादक से संपर्क कर पुलिस ने तथ्यों की पुष्टि की, जिसके बाद स्पष्ट हो गया कि मामला बच्चा चोरी का नहीं बल्कि महज एक गलतफहमी थी।
थाना प्रभारी की त्वरित कार्रवाई और सत्यापन की प्रक्रिया के कारण एक निर्दोष महिला भीड़ के आक्रोश का शिकार होने से बच गई। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.