नववर्ष पर पर्यटकों को आकर्षित कर रहा कारो नदी का तट, एक जनवरी को 10 हजार लोगों के पहुंचने का अनुमान

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Guwa : सारंडा के गुवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ठाकुरा गांव स्थित कारो नदी का तट इन दिनों पिकनिक मनाने वालों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। नदी के किनारे दूर-दूर तक फैली काली बालू, विशाल चट्टानें और उनके बीच से बहती नदी की कलकल धारा यहां की प्राकृतिक सुंदरता को मनमोहक बनाती है। दिसंबर महीने की शुरुआत के साथ ही यहां पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने लगी है।

कारो नदी के खूबसूरत तट पर लोग परिवार और दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने के अलावा नदी के पानी में मौज-मस्ती करते हैं। विशेषकर नववर्ष के अवसर पर यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। अनुमान है कि आगामी एक जनवरी को किरीबुरू, बड़ाजामदा, बोलानी, गुवा, नोवामुंडी, जगन्नाथपुर, चाईबासा, जमशेदपुर और रांची सहित विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 10 हजार पर्यटक यहां पहुंच सकते हैं।

प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर होने के बावजूद कारो नदी तट आज भी पर्यटन की बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। स्थानीय स्तर पर लंबे समय से इसे व्यवस्थित पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग उठती रही है। यदि झारखंड सरकार एवं पर्यटन विभाग की ओर से यहां आकर्षक रिसॉर्ट, महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और साफ-सफाई जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तो यह स्थल पर्यटन के मानचित्र पर अपनी अलग पहचान बना सकता है।

वहीं, नदी के कुछ हिस्से काफी खतरनाक हैं। इसके बावजूद पर्यटक गहरे पानी और खतरनाक चट्टानों के आसपास सेल्फी लेते नजर आते हैं। ऐसे में संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन की ओर से संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन की ओर से यहां गश्त भी की जाती है।

समुचित विकास होने पर कारो नदी तट न केवल झारखंड के प्रमुख पिकनिक स्थलों में शामिल हो सकता है, बल्कि इससे सारंडा क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो सकते हैं।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें