सोनारी की एलआईसी कॉलोनी में जल-मल निकासी की गंभीर समस्या, 50 परिवार नारकीय जीवन जीने को मजबूर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : सोनारी स्थित एलआईसी कॉलोनी के लगभग 50 परिवार पिछले कई वर्षों से जल एवं मल निकासी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण अब स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है। घरों में बने पुराने सोकपिट की क्षमता समाप्त होने से गंदा पानी जमा हो रहा है। इससे दुर्गंध और गंदगी के कारण लोगों का रहना मुश्किल हो गया है।

स्थानीय निवासियों ने पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को मौके पर बुलाकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। लोगों ने बताया कि वे कई दशकों से इस कॉलोनी में रह रहे हैं। कॉलोनी में जल एवं मल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण प्रत्येक परिवार ने अपने घर में सोकपिट बनवाया था, लेकिन लंबे समय से इस्तेमाल होने के कारण अब ये सोकपिट गंदे पानी को सोखने में सक्षम नहीं हैं।

लोगों ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए टाटा स्टील के पदाधिकारियों के प्रयास से कॉलोनी में सीवरेज एवं ड्रेनेज सिस्टम का पाइप बिछाया गया है। निकासी के अंतिम छोर पर ट्रीटमेंट प्लांट भी बनाया गया है। लगभग तीन वर्ष पहले करोड़ों रुपये की लागत से तैयार इस व्यवस्था से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन अब तक इसे चालू नहीं किया गया है। परिणामस्वरूप, करोड़ों रुपये की लागत से बना ड्रेनेज सिस्टम अनुपयोगी पड़ा है और धीरे-धीरे क्षतिग्रस्त हो रहा है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि हल्की बारिश होने पर भी घरों के कमरों में गंदा और बदबूदार पानी भर जाता है। इससे परिवारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है और बीमारी फैलने का खतरा भी बना रहता है।

मौके पर पहुंचे विकास सिंह ने स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि इस गंभीर समस्या से टाटा स्टील के वरीय अधिकारियों एवं पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समस्या का समाधान कराने का भरोसा दिलाया।

इस दौरान विकास सिंह, राहुल भट्टाचार्जी, अशोक जोशी, कृष्णा झा, राजेश भट्टाचार्जी, बरुण झा, अंजना साहा, अपर्णा चक्रवर्ती, रत्न भट्टाचार्जी, अपर्णा दत्त, रीता देवी सहित कई स्थानीय निवासी उपस्थित थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें