Jamshedpur : टाटा मोटर्स में कार्य के दौरान गंभीर रूप से घायल हुए मजदूर सुबोध पात्रो की इलाज के दौरान मौत के बाद उनके परिवार को न्याय दिलाने की मांग तेज हो गई है। इसी क्रम में 22 नवंबर 2026 को दोपहर एक बजे से बंटी सिंह ने दिवंगत मजदूर के परिजनों के साथ टाटा मोटर्स के मुख्य गेट पर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया। आंदोलन के माध्यम से कंपनी प्रबंधन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा, स्थायी नौकरी और सभी वैधानिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 मार्च 2026 को सुबह करीब 11:45 बजे कंपनी में काम करने के दौरान फर्श पर गिरे तेल पर पैर फिसलने से सुबोध पात्रो गिर पड़े थे। इस दुर्घटना में उनके सिर में गंभीर चोट आई थी। परिजनों का आरोप है कि कार्यस्थल पर दुर्घटना होने के बावजूद उन्हें IOW (Injury on Work) की सुविधा नहीं दी गई। साथ ही, इलाज के दौरान भी कंपनी प्रबंधन की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला।
बताया गया कि हादसे के बाद सुबोध पात्रो कोमा में चले गए थे और छह महीने से अधिक समय तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते रहे। इस दौरान परिजनों ने प्रशासन और संबंधित यूनियन के प्रतिनिधियों से भी मामले में हस्तक्षेप कर सहायता उपलब्ध कराने की गुहार लगाई। हालांकि, परिवार का आरोप है कि उन्हें न तो पर्याप्त आर्थिक सहायता मिली और न ही बेहतर इलाज के लिए आवश्यक सहयोग मिल सका। आखिरकार 21 नवंबर 2026 को सुबोध पात्रो ने दम तोड़ दिया।
मजदूर की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट और भविष्य की चिंता खड़ी हो गई है। इसी को लेकर बंटी सिंह ने पीड़ित परिवार के साथ खड़े होकर कंपनी प्रबंधन से न्याय की मांग की। आंदोलनकारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष प्रशासनिक जांच कराने, जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने, परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने तथा उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
इसके अलावा इलाज की अवधि का बकाया वेतन और अन्य देय लाभों का भुगतान करने के साथ कार्यस्थल पर हुई दुर्घटना के मद्देनजर IOW एवं लागू श्रमिक सुरक्षा प्रावधानों के तहत परिवार को मिलने वाले सभी वैधानिक लाभ सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।
बंटी सिंह ने कहा कि एक मजदूर की जान जाने के बाद उसके परिवार को न्याय और अधिकारों के लिए दर-दर भटकने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय की जाए और पीड़ित परिवार को उसका हक दिलाया जाए।
















