Jamshedpur : स्वर्गीय ठाकुर निर्भय सिंह की स्मृति में अखिल विश्व गायत्री परिवार, टाटानगर एवं नवयुग दल (युवा प्रकोष्ठ) की ओर से भालूबासा सामुदायिक विकास केंद्र में 65वें रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए रक्तदाताओं ने कुल 214 यूनिट रक्तदान किया। इस अवसर पर स्वर्गीय निर्भय सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके सामाजिक योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू तथा स्वर्गीय निर्भय सिंह के जुड़वा भाई एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह अपने परिवार के साथ उपस्थित हुए। सभी ने दिवंगत निर्भय सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए और दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
शिविर का उद्घाटन करते हुए सांसद विद्युत वरण महतो ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है। एक यूनिट रक्त दुर्घटना में घायल व्यक्ति, गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीज या प्रसूता महिला की जान बचा सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रक्तदान करने की अपील करते हुए रक्तदान को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
सांसद ने कहा कि स्वर्गीय ठाकुर निर्भय सिंह गरीबों और दबे-कुचले लोगों के मसीहा थे। उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि जरूरतमंदों की सेवा और रक्तदान जैसे कार्यों के माध्यम से दी जा सकती है। सामाजिक संस्थाओं और युवाओं की ऐसी पहल समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करती है।
ठाकुर प्यार सिंह धुरंधर सिंह क्लब के सदस्य वीरेंद्र सिंह ने कहा कि निर्भय सिंह हमेशा सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहते थे। काशीडीह दुर्गापूजा और रामनवमी के आयोजनों में प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते थे। उन्होंने प्रार्थना की कि इस तरह की आकस्मिक घटना किसी अन्य परिवार के साथ न हो।
गायत्री परिवार की रूबी शर्मा ने बताया कि संस्था वर्ष 2006 से लगातार रक्तदान शिविर आयोजित कर रही है। रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए गायत्री परिवार को राज्य सरकार की ओर से सम्मानित भी किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि निर्भय सिंह हमेशा गायत्री परिवार के सहयोग के लिए तत्पर रहते थे। उनकी स्मृति में आयोजित यह 65वां रक्तदान शिविर उनके प्रति श्रद्धांजलि और सम्मान का प्रतीक है।
शिविर में रक्तदाता वंशीलाल शर्मा, मोहित नायक और विवेकानंद ओझा ने कहा कि नियमित रक्तदान से कमजोरी नहीं आती और जरूरतमंदों की जान बचाने में योगदान देकर आत्मिक संतोष मिलता है। शिविर में युवाओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

















