पत्रकार अभिषेक भारती के समर्थन में सरायकेला प्रेस क्लब की आपात बैठक, अन्याय पर आंदोलन की चेतावनी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adiryapur : झारखंड में पत्रकारों पर कथित प्रशासनिक दबाव और उनके साथ आरोपी जैसा व्यवहार किए जाने के मामलों को लेकर पत्रकारों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस मुद्दे पर राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में पत्रकारों की बैठकें आयोजित कर विरोध जताया जा रहा है। इसी क्रम में सरायकेला प्रेस क्लब की ओर से एक आपातकालीन बैठक आयोजित की गई।

बैठक का नेतृत्व प्रेस क्लब के महासचिव प्रमोद सिंह ने किया। इसमें अध्यक्ष मनमोहन सिंह राजपूत सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए प्रेस क्लब के सदस्यों ने हिस्सा लिया। बैठक में द भारत मित्र चैनल के पत्रकार अभिषेक भारती के साथ प्रशासन द्वारा कथित रूप से दबाव बनाए जाने और अपराधियों जैसा व्यवहार किए जाने के मामले पर विस्तार से चर्चा हुई। उपस्थित पत्रकारों ने इस प्रकरण पर नाराजगी जताते हुए पत्रकारों की स्वतंत्रता, सम्मान और सुरक्षा का मुद्दा उठाया।

अभिषेक भारती के साथ मजबूती से खड़ा है प्रेस क्लब : प्रमोद सिंह

इस अवसर पर महासचिव प्रमोद सिंह ने कहा कि अभिषेक भारती के कठिन समय में सरायकेला प्रेस क्लब पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ा है। पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और निष्पक्ष पत्रकारिता करना उनका अधिकार है। पत्रकारों को डराने, उन पर दबाव बनाने या उनके साथ अपराधियों जैसा व्यवहार करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अभिषेक भारती के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय या ज्यादती होती है, तो सरायकेला प्रेस क्लब चुप नहीं बैठेगा। जरूरत पड़ने पर जिले के पत्रकार एकजुट होकर आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर डीजीपी और मुख्यमंत्री से भी मुलाकात की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा।

बैठक में शामिल पत्रकारों ने एकजुटता प्रदर्शित करते हुए कहा कि पत्रकारों के सम्मान, अधिकार और सुरक्षा के सवाल पर पूरा पत्रकार समाज एकजुट है। उन्होंने निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने की मांग की।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.